तीन प्रमुख स्थलों पर लगे हैं 16 झूले
मेला परिसर में मनोरंजन के लिए तीन अलग-अलग सेक्टरों में कुल 16 बड़े झूले स्थापित किए गए हैं। इनमें रेवती मैया पंडाल क्षेत्र में सात झूले, दंगल पंडाल के पास पांच और पार्किंग ग्राउंड में चार बड़े झूले लगाए गए हैं। इन झूलों में जाॅइंट व्हील (आसमानी झूला), ब्रेक डांस, कोलंबस नाव, टोरा-टोरा और ड्रैगन ट्रेन शामिल हैं।
दोपहर दो बजे हुआ भौतिक सत्यापन
जांच में झूले तैयार न मिलने के बाद बलदेव छठ के दिन दोपहर करीब दो बजे झूला ठेकेदार व संचालक लोनिवि की तकनीकी टीम को ट्रायल कराने पहुंचे। अधिशासी अभियंता के निर्देशन में पहुंची तकनीकी टीम ने मौके पर एक-एक झूले के फाउंडेशन, नट-बोल्ट की कसावट, मोटर व गियर सिस्टम, विद्युत वायरिंग और आपातकालीन ब्रेक की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान आठ झूलों का ट्रायल पूरी तरह सफल रहा, जिसके बाद लोनिवि ने उन्हें सशर्त एनओसी जारी कर दी।
मानक पूरे होने तक बंद रहेंगे आठ झूले
लोनिवि विभाग के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि विभाग की तकनीकी टीम के इंजीनियर मौका मुआयना कर रहे हैं। स्पष्ट कर दिया है कि जब तक बाकी बचे आठ झूलों की सभी तकनीकी तौर पर दुरुस्त नहीं किया जाता और इनका सफल ट्रायल नहीं करा लेते, तब तक इनका संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बच्चों और महिलाओं व आम लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी सूरत में बिना एनओसी के झूलों का संचालन नहीं करने दिया जाएगा।