राज्य कर कार्यालय में सराफा कारोबारियों से बातचीत करते उपायुक्त राज्य कर। संवाद
- फोटो : Samvad
प्रधानमंत्री के आह्वान के बाद सोने के बिस्किट यानी बुलियन की बिक्री पर नियंत्रण लगाने के लिए राज्य कर विभाग सक्रिय हो गया है। विभाग ने सराफा कारोबारियों से संपर्क कर रणनीति बनाना शुरू कर दिया है, ताकि सोने के बिस्किट की खरीद-फरोख्त को रोका जा सके।
शनिवार को राज्य कर कार्यालय में हुई बैठक में उपायुक्त आरके सिंह, सहायक आयुक्त मयंक जैन व हरिनाथ यादव के साथ मोहनलाल अग्रवाल सराफ, दीपेश अग्रवाल सराफ, शैलेंद्र सराफ, अतुल गर्ग, सुरेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
राज्य कर विभाग प्रमुख सराफा व्यापारियों से संवाद कर उनके सुझाव ले रहा है और ऐसी कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिससे सोने के बिस्किट की बिक्री को रोका जा सके। इसके लिए कदम उठाए जा सकें।
माना जा रहा है कि सोने के बिस्किट खरीद के बाद घरों में ब्लॉक हो जाते हैं, जबकि आभूषणों की खरीद आवश्यकता अनुसार की जाती है। इसलिए राज्य कर विभाग जल्द ही दुकानदारों और ग्राहकों को जागरूक करने के लिए अभियान शुरू करा सकता है।
इसके तहत जिला स्तर पर बैठकें, कार्यशालाएं और जागरूकता शिविर आयोजित करने की तैयारी की जा रही है, जहां लोगों को आवश्कतानुसार ही सोने की खरीद करने के लिए ही जागरूक किया जाएगा। दुकानदारों को भी सोने के बिस्किट की बिक्री से बचने के लिए कहा जाएगा। सराफा कारोबारियों का कहना है कि यदि यह पहल संवाद और सहयोग के माध्यम से आगे बढ़ती है तो इससे व्यापार में पारदर्शिता बढ़ेगी।