हाथरस में यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियां तेज हो गई हैं। कुछ विद्यालय संचालक परीक्षा को भुनाने की तैयारी में जुट गए हैं। ऐसे स्कूल संचालक प्रयोगात्मक परीक्षा, प्रवेश पत्र और परीक्षा के नाम पर वसूली का गणित लगाने में जुटे हैं। हालांकि विभागीय अधिकारी ऐसा करने वालों के खिलाफ शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई करने की बात भी कह रहे हैं।
वर्ष 2023 की यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 100 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन पर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के 51 हजार से अधिक विद्यार्थी परीक्षा देंगे, लेकिन दूसरी ओर यूपी बोर्ड परीक्षा को भुनाने की तैयारी में कुछ निजी विद्यालय संचालक लगे हुए हैं। वह परीक्षा के नाम पर वसूली का गणित फिट कर रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों से परीक्षा शुरू होने से पहले ही मनमाने तरीके से पैसे ऐंठे जा सकें।
दूसरी ओर विभागीय अधिकारियों ने भी परीक्षा को नकल विहीन व शुचितापूर्ण कराए जाने के लिए कमर कस ली है। डीआईओएस रीतू गोयल का कहना है कि वसूली से संबंधित अगर किसी भी कॉलेज संचालक की शिकायत मिलती है, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।