नगर की भूतेश्वर कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय युवक की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक रेलवे लाइन पर चल रहा था और वह ईयरफोन लगाए हुए था। तभी वह मालगाड़ी की चपेट में आ गया।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया भूतेश्वर कॉलोनी निवासी दीपक उपाध्याय (20) पुत्र प्रेम कुमार शाम को अक्सर रेलवे ट्रैक के आसपास टहलने के लिए निकल जाता था। सोमवार को भी वह यहां टहलने के लिए आया हुआ था। उसके ईयरफोन लगाया हुआ था। सोमवार को जलेसर रोड पर बंद रेलवे फाटक के पास वह ट्रैक पर गाना सुनता हुआ जा रहा था।
तभी मथुरा की तरफ से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गया। चश्मदीदाें की मानें तो मालगाड़ी के चालक ने कई बार हॉर्न भी दिया लेकिन उसने नहीं सुना। पुलिस ने उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।