गृहक्लेश में वृद्ध ने फांसी पर लटककर दी जान
गांव के बाहर पेड़ पर लटका मिला शव, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
पुलिस मामले की छानबीन में जुटी, शव का कराया गया पोस्टमार्टम
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कोतवाली मुरसान क्षेत्र के गांव भूड़री में एक वृद्ध ने गृहक्लेश के चलते आत्महत्या कर ली। उसका शव गांव के बाहर पेड़ पर लटका मिला। इलाका पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर इसका पोस्टमार्टम कराया।
मुरसान क्षेत्र के गांव भूडरी निवासी कुंवरपाल (58 वर्ष) पुत्र मिश्रीलाल शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे घर से निकले, लेकिन लौटकर घर नहीं पहुंचे। सुबह करीब पांच बजे लोगों को गांव के निकट ही खेत में नीम के पेड़ पर कुंवरपाल का शव लटका नजर आया। यह जानकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। इस बात की खबर लगते ही आसपास के इलाके के लोगों की मौके पर भीड़ लग गई।
ग्रामीणों की मानें तो वृद्ध गृह कलह से काफी परेशान था, क्योंकि उसके दो पत्नी थी, जिनमें से एक करीब एक माह पहले ही मौत हुई है। इस पर 11 बच्चे हैं। सूचना के बाद पहुंची इलाका पुलिस ने शव को कब्जे में ले दिया। उसे पोस्टमार्टम के लिए पोस्टमार्टम गृह भिजवाया गया। यहां पर शव को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया।