बारिश से बचने के लिए बच्चों के साथ छाता तानकर जाती महिला। संवाद
- फोटो : Samvad
पूर्वांचल में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। बारिश और बादलों के प्रभाव से शनिवार इस महीने का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। शाम तक कुल सात मिमी वर्षा दर्ज की गई। सुबह से ही रुक-रुक कर तेज और हल्की बौछारें पड़ती रहीं, जिससे शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
सितंबर महीने के मौसम पर नजर डालें तो 9, 10 और 23 सितंबर को सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया था, जब पारा 35 डिग्री तक पहुंच गया था। इसके विपरीत 26 सितंबर (शनिवार) को बारिश के चलते तापमान में भारी गिरावट आई और यह माह का सबसे कम तापमान वाला दिन रहा।
न्यूनतम तापमान गिरकर 20 से 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, वहीं दिन का अधिकतम तापमान भी घटकर मात्र 24 डिग्री सेल्सियस से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच सिमटकर रह गया। आपदा प्रबंधन के जिला समन्वयक लेखराज के अनुसार शनिवार को जिले में कुल सात एमएम बारिश दर्ज की गई। हालांकि, बारिश के कारण शहर के कुछ निचले इलाकों और मार्गों पर कीचड़ की स्थिति भी बनी, जिससे राहगीरों को परेशानी हुई। बाजारों में भीड़ न होने के कारण कारोबार भी प्रभावित रहा। कृषि मौसम तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि रविवार दोपहर तक बौछारें बनी रहेंगी और इसके बाद मौसम साफ होना शुरू होगा। सोमवार को मौसम पूरी तरह साफ रहेगा।