कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव मीतई निवासी युवक को पुलिस ने नशे में होने पर हड़काया। युवक के समर्थन में में आए लोगों ने बागला जिला अस्पताल में हंगामा किया। चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों से अभद्रता करने का आरोप है।
कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव मीतई निवासी सनी पुत्र बबलू मंगलवार की शाम को गांव में घूम रहा था। आरोप है कि वह नशे की हालत में था। तभी कुछ पुलिसकर्मियों ने उसे वहां घूमने पर टोका। इस बात को लेकर उसका पुलिसकर्मियों से विवाद हो गया। आरोपी के परिजन व बड़ी संख्या में ग्रामीण उसको बागला जिला अस्पताल लेकर आ गए। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस ने युवक को पीटा है।
युवक के साथ आए ग्रामीणों ने जिला अस्पताल में हंगामा किया और इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक में स्वास्थ्य कर्मियों के साथ अभद्रता कर दी। सीओ सिटी प्रवेश राय, कोतवाली हाथरस गेट प्रभारी सतेंद्र सिंह राघव व कोतवाली सदर प्रभारी विजय सिंह पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंच गए। इसी बीच आरोपी युवक कोतवाली सदर पुलिस की गाड़ी पर चढ़ गया और हंगामा करने लगा। पुलिस ने तुरंत आरोपी को हिरासत में ले लिया। सीओ सिटी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद