वित्तीय वर्ष 2024-25 की लेखाबंदी किए जाने के कारण संभागीय परिवहन विभाग की वेबसाइट सारथी पर भी वित्तीय कार्य रुक गए। नए ड्राइविंग लाइसेंस बनवाए जाने के लिए ऑनलाइन फीस जमा नहीं हो पा रही। इस कारण वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जिले में हर रोज करीब 80 ड्राइविंग लाइसेंस बनाए जाने के लिए आवेदन किए जाते हैं। यह आवेदन ऑनलाइन किए जाते हैं। आवेदन के दौरान फीस का भुगतान ऑनलाइन किया जाता है, लेकिन बैंक की लेखा बंदी के कारण ऑनलाइन भुगतान में समस्या आने से आवेदन की प्रक्रिया को पूरा नहीं किया जा पा रहा। इस कारण न तो लर्निंग लाइसेंस जारी हो रहे हैं और न ही स्थायी लाइसेंस जारी हो पा रहे हैं।
मंगलवार व बुधवार को कई आवेदकों को जनसुविधा केंद्रों और एआरटीओ कार्यालय से बैरंग लौटना पड़ा। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी लक्ष्मण प्रसाद ने बताया कि लेखा बंदी के कारण बैंक से ही पोर्टल पर लेनदेन नहीं हो रहा था, लेकिन अब सभी काम पोर्टल पर हो रहे हैं। आम लोग आवेदन कर भुगतान की प्रक्रिया को पूरा कर सकते हैं।
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
बातचीत,,,,,,,,,
मैं मंगलवार को पूरे दिन पोर्टल पर आवेदन करने के बाद भुगतान वाले विकल्प पर बार-बार क्लिक करती रही, लेकिन भुगतान नहीं हो पाया। इसके चलते दिक्कत हुई है। अब मुझे यह आवेदन किसी और दिन करना पड़ेगा।
-दिव्या सिकरोरिया, वाहन चालक।
-
मुझे परमानेंट लाइसेंस बनवाना था। इसके लिए जनसुविधा केंद्र के कई चक्कर काटे, लेकिन आवेदन पूरा नहीं किया जा सका है। अब जनसुविधा केंद्र वालों ने कुछ दिन बाद आवेदन की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए कहा है।
-समीक्षा भारद्वाज, वाहन चालक।