संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
अब रोडवेज चालक-परिचालकों के वेतन में से कटौती करने से पहले डिपो के अफसर पहले उन्हें इसकी जानकारी देंगे, उसके बाद कटौती की जाएगी। बता दें कि डीजल के नाम पर चालकों के वेतन में से हो रही कटौती को लेकर कर्मियों में गुस्सा है।
उल्लेखनीय है कि हाथरस डिपो में वर्तमान में 83 बसें हैं। इनमें करीब चालीस बसों में बैटरी की दिक्कत है। इस कारण बसें स्टैंड से लेकर स्टॉपेज पर चालू खड़ी रहती है। इस कारण अधिक डीजल खर्च हो रहा है। निगम के अधिकारी बसों को को दुरुस्त करने की बजाय खानापूर्ति कर रहे हैं।
कटौती से चालकों की जेब पर आर्थिक बोझ पड़ रहा है। निगम के अफसरों की मानें तो कटौती से पहले संबधित एआरएम चेतावनी व नोटिस बोर्ड पर कर्मी का नाम अंकित कर कटौती करने की जानकारी देंगी। उसके बाद हालत में सुधार नहीं होता है तो उसके वेतन से कटौती की जाएगी। इस मामले में एआरएम शशि रानी का कहना है कि चालक परिचालक के वेतन कटौती से पहले उन्हें अवगत कराया जाएगा।