हाथरस। शहर के एक गेस्ट हाउस में शुक्रवार रात बड़ा हंगामा खड़ा हो गया। दोस्तों के साथ जाम छलका रहे दूल्हे पर दुल्हन की नजर पड़ गई। इसके बाद उसने शादी से इंकार कर दिया। मजबूरन दूल्हे के पिता को दावत का पूरा खर्चा देना पड़ा और अगले दिन शनिवार को एक दूसरी लड़की से बेटे की शादी करनी पड़ी। लड़की ने अपने पिता से साफ कहा कि वह शराब पीने वाले लड़के से शादी नहीं कर सकती। साइंस ग्रेजुएट लड़के ने लड़की को मनाने की भरसक कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी। तब तक दावत का खाना बनकर तैयार हो चुका था। इस पर दुल्हन के पिता ने बारात को दावत तो खिला दी, लेकिन शादी में हुआ सारा खर्चा मांग लिया। पास में एक पार्क में दोनों पक्षों के बुजुर्ग लोग इकट्ठा हुए और समझौते का रास्ता निकाला गया। तीन लाख रुपये मिलने पर दुल्हन के पिता ने पुलिस से शिकायत नहीं की। शनिवार सुबह ही दूल्हे के पिता ने लड़की की तलाश शुरू कर दी और शाम को यह तलाश पूरी भी हो गई। रात में ही दोनों की शादी भी हो गई। यह मामला चर्चा का विषय बना रहा।