सहपऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहपऊ पर चिकित्सक डा. विनीत सक्सेना व एक व्यक्ति के बीच हुई कहासुनी का वीडियो वायरल मामले में सीएमओ डा. राजीव रॉय ने जांच बैठा दी है। सीएमओ ने डा. विनीत सक्सेना को मुरसान सीएचसी से अटैच कर दिया है। गंभीर प्रकरण में सीएमएस डा. सूर्यप्रकाश की अध्यक्षता में जांच टीम गठित की गई है।
बुधवार को सहपऊ पुलिस ने रिंकू सिंह निवासी गांव कोंकना के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की थी। पुलिस ने दोपहर बाद रिंकू का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के लिए सीएचसी पर पहुंची थी। यहां परीक्षण न होने पर रिंकू के भाई हरेंद्र सिंह व तैनात चिकित्सक डा. विनीत सक्सेना के बीच कहासुनी हो गई।
हरेंद्र का आरोप था कि चिकित्सक कमरे में आराम कर रहे थे तथा परीक्षण की कहने पर अभद्रता करने लगे। वीडियो में चिकित्सक ने कहा कि चाहे डीएम को बुला लो या पीएम को, वे अब परीक्षण नहीं करेंगे। हंगामे की जानकारी पर सीएचसी प्रभारी ने दूसरे चिकित्सक को भेजा था, जिसके बाद परीक्षण हो सका।
डा. विनीत सक्सेना की तैनाती प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आरती पर थी। घटना वाले दिन उनकी ड्यूटी सीएचसी पर लगाई गई थी। वीडियो वायरल होने पर सीएमओ ने उन्हें मुरसान सीएचसी से अटैच कर दिया है। सीएमओ डा. राजीव रॉय ने बताया कि मामला गंभीर है। प्रकरण में सीएमएस डा. सूर्यप्रकाश की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है। टीम में एसीएमओ डा. मधुर व डिप्टी सीएमओ डा. आरएन सिंह भी हैं। प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है।