पेट्रोल पंप पर घटतौली की जांच करते डीएम व एसपी।
- फोटो : अमर उजाला
शासन के आदेश के बाद जिला प्रशासन भी पेट्रोल और डीजल पंपों पर घटतौली और मिलावटखोरी के खिलाफ सख्त हो गया है। इसके खिलाफ कार्रवाई की कमान खुद डीएम और एसपी ने संभाली है। बुधवार को डीएम अमित कुमार सिंह और एसपी घुले सुशील चंद्रभान ने पूरे दलबल के साथ पेट्रोल पंपों पर छापेमारी की। कार्रवाई से पेट्रोल और डीजल पंप कारोबारियों में खलबली मची रही।
डीएम और एसपी के नेतृत्व में अधिकारियों की पूरी टीम बुधवार की दोपहर को सबसे पहले हाथरस-मथुरा रोड स्थित इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप चूना वाला बल्क कैरियर पर पहुंची। टीम ने यहां पंप मशीनों की बारीकी से जांच की। अधिकारियों ने ऑयल फिलिंग मशीनें भी खुलवाकर देखीं और यह पता करने की कोशिश की कि कहीं उनमें घटतौली के लिए चिप का इस्तेमाल तो नहीं हो रहा। डीएम ने कहा कि शासन के आदेशानुसार पेट्रोल पंपों पर घटतौली की शिकायतों की जांच के लिए जिले में विशेष अभियान के तहत अधिकारियों की दो टीमें गठित की गई हैं, जो पेट्रोल पंपों की जांच करेंगी।
उनके साथ अपर जिलाधिकारी एएच कर्नी, एएसपी डॉ. संसार सिंह, एसडीएम सदर राकेश कुमार गुप्ता, सीओ आरके गौतम की देखरेख में डीएसओ सुरेंद्र यादव, आईओसी के सेल्स ऑफिसर तरुण अग्रवाल, वरिष्ठ बांट-माप निरीक्षक संजेश कुमार, अनिरुद्ध कुमार, मिडको कंपनी के फिटर दीपक कुमार ने चूना वाला बल्क कैरियर पर स्थापित पांच मशीनों के छह नोजल (सप्लाई यूनिट) की सील खुलवाकर पल्सर यूनिट तथा कंट्रोल यूनिट चेक कीं और सप्लाई यूनिटों से पांच लीटर पेट्रोल-डीजल की माप की जांच की। प्रशासन की ओर से पेट्रोल या डीजल पंप पर किसी तरह की गड़बड़ी पकड़े जाने की जानकारी फिलहाल नहीं दी गई है। डीएम अमित कुमार सिंह का कहना है कि यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।