संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिला दिव्यांग समिति की बैठक हुई। डीएम ने दिव्यांगता समिति, मानसिक दिव्यांगजनों के कल्याणार्थ, विशिष्ट दिव्यांग पहचान पत्र एवं दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनाए जाने की समीक्षा की।
डीएम ने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रतिभापाल से चिन्हित दिव्यांग व्यक्तियों के सापेक्ष अब तक बनाए गए यूडीआईडी कार्ड के बारे में जानकारी ली। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने कहा कि कुल 28,257 दिव्यांग व्यक्ति पंजीकृत हैं, जिसमें से 5,687 लाभार्थियों का यूडीआईडी कार्ड बनाया गया है।
यूडीआईडी कार्ड बनाने की प्रगति संतोषजनक नहीं होने पर डीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए इसमें सुधार लाने के निर्देश दिए। डीएम ने अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डीके अग्रवाल से कहा कि दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। यदि प्रमाणपत्र मानक के अनुसार नहीं बनाया जाएगा तो लाभार्थी को योजनाओं का लाभ नहीं मिल सकेगा।