मुरसान में लगे कृषि मेला व प्रदर्शनी का निरीक्षण करते डीएम।
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, मुरसान।
विकास खंड मुरसान परिसर में बृहस्पतिवार को किसान कल्याण मिशन के अंतर्गत किसान मेला और प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। शुभारंभ सदर विधायक हरीशंकर माहौर ने फीता काटकर और मां सरस्वती के छविचित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलन कर किया। डीएम रमेश रंजन ने विभिन्न विभागों की दो दर्जन स्टॉलों का अवलोकन किया और दस किसानों को कृषि रक्षा उपकरण व किसान क्रेडिट कार्ड का वितरण किया।
विधायक हरिशंकर माहौर ने कृषि विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना की। डीएम ने कहा जिस तरह हमारे शरीर व खून में हीमोग्लोबिन होता है, ठीक उसी तरह से भूमि का हीमोग्लोबिन जीवांश कार्बन हैं। यदि हमारे शरीर से हीमोग्लोबिन कम हो जाए तो हम कमजोर हो जाते हैं और कोई काम नहीं कर पाते हैं। ठीक उसी तरह भूमि का जीवांश कम हो जाए तो भूमि कमजोर हो जाती है।
जीवांश खादों का प्रयोग करते हुए गुणवत्ता पूर्ण अधिक पैदावार करें। सीडीओ ने किसानों को भारत सरकार व उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। जिला उद्यान अधिकारी गमपाल सिंह ने कृषकों को आय बढ़ाने के लिए फल, सब्जी, फूल, लहसुन और प्याज आदि की खेती में देय अनुदान की जानकारी दी। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक अश्विनी कुमार मिश्र, बीडीओ मुरसान ज्योति शर्मा, पीडी नेडा रियाज अहमद, कप्तान सिंह ठेनुआं, प्रमोद सिंह ऐलानी, सुनहरीलाल गौतम आदि उपस्थित रहे।