हाथरस। डॉक्टरों की कमी की वजह से जिला महिला अस्पताल में मरीजों द्वारा आए दिन किए जा रहे हंगामे को लेकर स्वास्थ्य महकमा हरकत में आ गया। चिंतित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को जिला महिला अस्पताल में दो और महिला चिकित्सकों की बढ़ोत्तरी कर दी। इससे मरीजों को काफी राहत मिल गई।
गर्मी के मौसम में सरकारी अस्पतालों में बीते एक पखवाड़े से मरीजों की संख्या बढ़ गई है। जिला महिला अस्पताल में तो एक चिकित्सक ही हजारों मरीजों को चिकित्सा सुविधाएं प्रदान कर रही थी। ऐसे में मरीजों को घंटों लाइन में लगे रहना पड़ता था। ऐसे में यदि डॉक्टर बीच में कहीं उठकर भी चली जाती थी तो मरीज हंगामा करने लगते थे। अखबारों में भी महिला अस्पताल में हंगामे की खबरे सुर्खियां बनी हुई थीं। इसे लेकर चिंतित स्वास्थ्य महकमे ने मंगलवार को जिला महिला अस्पताल में महिला चिकित्सकों की संख्या को बढ़ा दिया। सादाबाद सीएचसी पर तैनात महिला चिकित्सक नीरजा सचदेवा और मुरसान सीएचसी पर तैनात महिला चिकित्सक कमलेश पाल को महिला अस्पताल में चिकित्सीय सेवाएं देने के निर्देश दिए गए, जिसके बाद मंगलवार से ही इन महिला चिकित्सकों ने जिला महिला अस्पताल में पहुंचकर अपनी चिकित्सीय सेवाएं देना शुरू कर दिया है। अस्पताल में मंगलवार को काफी महिला मरीजों की भीड़ उमड़ी। चिकित्सकों के कमरे के बाहर काफी लंबी लाइनें लगी रहीं।
- जिला महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. कंचन अग्रवाल ने उनसे महिला चिकित्सकों की संख्या बढ़ाए जाने का अनुरोध किया था, जिसके बाद सादाबाद और मुरसान की महिला चिकित्सकों को जिला महिला अस्पताल में चिकित्सीय सेवाएं देने के निर्देश अग्रिम आदेशों तक जारी कर दिए गए हैं। - डॉ. रामवीर सिंह, सीएमओ, हाथरस