चुनावी हिंसा के दौरान हुई बसपा समर्थक पुष्पेंद्र की हत्या के आरोपी रिंकू के पिता जितेंद्र कुमार निवासी विसाना ने कोर्ट में परिवाद दायर किया था। इस मामले में अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय एसएन त्रिपाठी ने जिला पंचायत अध्यक्ष विनोद उपाध्याय समेत 11 आरोपियों और थाने के एसएचओ को तलब किया है।
रिंकू के पिता का आरोप है कि हिंसा के दौरान बेटे रिंकू को भी चोट आई थी। पुलिस ने मजरूम चिठ्ठी देकर उसका उपचार कराया था। पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। वादी ने पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय के भाई व जिला पंचायत अध्यक्ष विनोद उपाध्याय, जिला पंचायत सदस्य रामेश्वर उपाध्याय, पूर्व मंत्री के बेटे चिरागवीर उपाध्याय, चिंटू गौतम, शशिकांत शर्मा को मारपीट का आरोपी बताया है। साथ ही एफआईआर दर्ज न होने देने का भी आरोप लगाया है।
पिछले दिनों मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के कोर्ट में इस मामले का परिवाद दर्ज कर लिया गया था। इसका रिवीजन वादी ने जिला न्यायालय में किया। जिला न्यायालय ने इसकी सुनवाई के लिए मामला अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय एसएन त्रिपाठी के न्यायालय में स्थानांतरित कर दिया। यहां शनिवार को सुनवाई हुई। न्यायालय ने उक्त मामले में तत्कालीन एसएचओ सहपऊ को तलब किया है। जबकि मामले में आरोपी बनाए गए सभी लोगों को 11 अप्रैल को कोर्ट में उपस्थित होने के लिए कहा है।