जिले के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर में भवन के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। इसके लिए केंद्र सरकार से सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत स्वीकृति मिल चुकी है और करीब 14.39 करोड़ रुपये की लागत से यह परियोजना पूरी की जाएगी।
निर्माण कार्य आवास-विकास परिषद आगरा की ओर से कराया जाएगा। नया भवन डायट परिसर में ही चरणबद्ध तरीके से बनाया जाएगा, ताकि प्रशिक्षण कार्य प्रभावित न हो। परियोजना के तहत महिला और पुरुष प्रशिक्षुओं के लिए 50-50 बेड की क्षमता वाले दो अलग-अलग हॉस्टल बनाए जाएंगे।
इसके अलावा 200 सीटों की क्षमता वाला आधुनिक ऑडिटोरियम भी तैयार किया जाएगा, जहां प्रशिक्षण, सेमिनार और शैक्षिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। डायट भवन के पुनर्निर्माण से जिले में शिक्षक प्रशिक्षण की व्यवस्था और मजबूत होगी। आधुनिक सुविधाएं मिलने से प्रशिक्षुओं को बेहतर माहौल में प्रशिक्षण प्राप्त हो सकेगा, जिसका सीधा लाभ प्राथमिक व उच्च प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता पर पड़ेगा।
डायट प्राचार्य निशा अस्थाना ने बताया कि भारत सरकार की योजना के तहत निर्माण कार्य कराया जाएगा। जल्द ही तकनीकी प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे परियोजना समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके।