संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
शहर के सराफा बाजार में आभूषणों में सोने के प्रतिशत को लेकर हंगामा हो गया। सेल्समैन और सराफ के बीच हंगामे की सूचना के बाद पुलिस पहुंच गई और फिर वह दोनों को अपने साथ कोतवाली ले गई।
शहर के सराफा बाजार में मोहनलाल सराफ की दुकान है। मोहनलाल का कहना है कि काफी दिनों पहले आगरा के दयालबाग नगला पदी निवासी सोनू से उन्होंने 30 प्रतिशत वाले आभूषण बनवाए थे, लेकिन वह हमें सोने 85 फीसदी मिलावट वाले आभूषण दे गया। मंगलवार को वह आया तो इस बात को लेकर सराफ और सेल्समैन के बीच कहासुनी हो गई। इसे लेकर सराफा बाजार में हंगामा होने लगा। सूचना पर कोतवाली पुलिस सराफा बाजार पहुंच गई और दोनों को अपने साथ कोतवाली ले गई। कोतवाली प्रभारी डीके वर्मा ने बताया कि इस मामले में दोनों की बातों को सुनकर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।