गांव सीस्ता स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज में सोमवार को छात्राओं-शिक्षक व अभिभावकों के बीच विवाद हो गया। स्कूल में अभिभावक भी पहुंच गए। बात इतनी बढ़ी कि कॉलेज में पुलिस भी पहुंच गई। काफी देर तक एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप का दौर भी चला।
गांव निवासी अभिभावक रामनिवास का आरोप है कि उनकी बेटी, भतीजी और गांव की अन्य कई लड़कियां उक्त कॉलेज में पढ़ती है। दो दिन पूर्व कुछ छात्राओं ने एक छात्रा को रसियन कहकर चिढ़ा दिया था। आरोप है कि उसके बाद कॉलेज के एक शिक्षक ने उनकी बेटी व अन्य कई छात्राओं को टीसी काटने और उनका आचरण अच्छा नहीं होने लिखने की धमकी दी। यह भी कहा कि तुम्हारा कहीं एडमिशन नहीं होगा और न शादी होगी।
यह बात उनकी बेटी ने रोते हुए घर पर उन्हें बताई, जिसके बाद सोमवार को वह और अन्य अभिभावक कॉलेज में पहुंचे। आरोप है कि शिक्षक से बात की तो वह फिर से आक्रोशित हो गए। कॉलेज में पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर मामला शांत किया और दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। उपनिरीक्षक वीरेश कुमार ने बताया कि शिकायत पर कॉलेज में वह पुलिस बल के साथ पहुंचे थे। मामले में दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।
कॉलेज के एक शिक्षक ने अनुशासन बनाए रखने के लिए एक छात्रा को चिढ़ाने की शिकायत पर कुछ छात्राओं को डांट दिया था। टीसी पर आचरण खराब लिखने का जो आरोप लगाया जा रहा है, वह नितांत गलत है। स्कूल में पुलिस भी पहुंची थी, जिसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। -कुंतेश कुमार, प्रधानाचार्य, पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज सीस्ता।