मुरसान के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दंत चिकित्सक के कक्ष में रखी चेयर। संवाद
- फोटो : Samvad
मुरसान। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दंत एक्स-रे मशीन आए हुए करीब छह माह बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक यह लगकर तैयार नहीं हुई है। इस कारण दांतों की बीमारी से जूझ रहे मरीजों को बिना जांच कराए ही मायूस होकर लौटना पड़ रहा है।
मजबूरन मरीजों को निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है, जहां उन्हें अपनी जेब ढीली करनी पड़ रही है। लंबे इंतजार के बाद सीएचसी में दांत चिकित्सा से जुड़ी सुविधाएं शुरू कराने के उद्देश्य से यह आधुनिक दंत एक्स-रे मशीन और लाखों रुपये की कीमत के अन्य उपकरण अस्पताल को उपलब्ध कराए गए थे।
उम्मीद थी कि मशीन स्थापित होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को सरकारी अस्पताल में ही दांतों के एक्स-रे की सुविधा मिलने लगेगी और उन्हें निजी चिकित्सकों के यहां अतिरिक्त खर्चा नहीं करना पड़ेगा। हैरानी की बात यह है कि अस्पताल में दंत चिकित्सक की तैनाती पहले से ही है, लेकिन मशीन और अन्य उपकरण पिछले छह महीने से एक कमरे में धूल फांक रहे हैं। सीएमओ डाॅ. वेदप्रकाश अग्रवाल सीएचसी पर टेक्नीशियन तैनात हैं। यदि मशीन क्रियाशील नहीं है तो उसे जल्द ही क्रियाशील करा दिया जाएगा।
जब शासन की ओर से मशीन और जरूरी उपकरण उपलब्ध करा दिए गए हैं, तो प्रशासन को इन्हें तुरंत स्थापित कर चालू कराना चाहिए।
-संजय चौहान, मुरसान
मेरी छह वर्ष की बेटी को दांतों का इलाज नहीं मिल पा रहा है। कई दिन से परेशान हूं। सीएचसी पर कोई मिलता नहीं है। मजबूर होकर लौट जाता हूं।
-लक्ष्मण सिंह निवासी बगुली