सीएचसी में बना डेंगू वार्ड, एमओआईसी ने किया निरीक्षण
डेंगू को लेकर अलर्ट हुआ स्वास्थ्य महकमा, वार्ड में डेंगू के मरीज होंगे भर्ती
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
सादाबाद। बदलते मौसम में फैलने वाले रोगों विशेषकर डेंगू को लेकर स्वास्थ्य महकमा अलर्ट हो चुका है। सादाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थापित किए गए डेंगू वार्ड में सोमवार को सीएचसी प्रभारी डॉ. दानवीर सिंह ने तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधीनस्थों को इस डेंगू वार्ड को अपडेट रखने, सभी समुचित व्यवस्थाएं रखने और डेंगू की बीमारी से पीड़ित मरीज को वार्ड में भर्ती किए जाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी सीएचसी पर डेंगू मरीजों के लिए अलग से वार्ड बनवाए हैं। इन वार्डों में बेड पर बाकायदा मच्छरदानी भी लगवाई गई है। मरीजों को कोई दिक्कत नहीं हो, इसके लिए कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। हालांकि अभी तक सादाबाद में डेंगू से पीड़ित कोई भी मरीज सामने नहीं आया है, लेकिन स्वास्थ्य महकमे ने इससे निपटने की तैयारी पूरी कर रखी हैं।
सीएचसी प्रभारी डॉ. दानवीर सिंह ने बताया कि उच्चाधिकारियों और शासन के निर्देश पर सीएचसी पर डेंगू वार्ड स्थापित कर दिया गया है। इस वार्ड में डेंगू से पीड़ित मरीजों के उपचार के लिए सभी आवश्यक दवाएं और जांच उपलब्ध हैं। सभी आशा कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर लोगों को इस बीमारी से सचेत करने के लिए भी निर्देशित कर दिया गया है।
लोगों को सलाह दी गई है कि शरीर को अच्छी तरह से ढकने वाले कपड़े पहनें। सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें। मच्छर भगाने के लिए नीम के पत्ते, नारियल के खोल व भूसी जलाएं। दरवाजों, खिड़कियों पर जाली या पर्दा लगाएं। पानी के सभी बर्तनों को ढककर रखें। सप्ताह में एक बार जल भंडारण टैंक, बर्तन, कूलर, गमलों की सफाई करें। मच्छरों को मारने के लिए घरों में एरोसेल का छिड़काव करें। इस मौके पर जुगेंद्र सिंह यादव भी मौजूद थे।