फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डेंगू की दस्तक: अब तो जागो सरकार, मच्छर कर रहे प्रहार

Fri, 18 Aug 2023 12:09 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस

सार

मच्छर लगातार वार कर रहे हैं और इनके शिकार बीमार बढ़ रहे हैं। शहर के कई मोहल्लों में जलभराव मुसीबत बना हुआ है। यहां न मच्छरों पर वार हो रहा है और न ही जल की निकासी कराकर उन्हें पनपने से रोका जा रहा है। शहर के तालाब चौराहा मथुरा रोड निवासी 16 वर्षीय किशोर की बीते कुछ दिनों से तबीयत खराब चल रही थी। किशोर को बुखार आ रहा था और शरीर में दर्द था।
विज्ञापन
डेंगू - फोटो : istock
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हाथरस में डेंगू और मलेरिया का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। शहर के बागला संयुक्त जिला अस्पताल की प्रयोगशाला में हुई जांच में एक किशोर के नमूने की जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। अब तक डेंगू के छह और मलेरिया के 11 मामले सामने आ चुके हैं। हर रोज बुखार के 300 से 350 मरीज जिला अस्पताल में पहुंच रहे हैं।

विज्ञापन


मच्छर लगातार वार कर रहे हैं और इनके शिकार बीमार बढ़ रहे हैं। शहर के कई मोहल्लों में जलभराव मुसीबत बना हुआ है। यहां न मच्छरों पर वार हो रहा है और न ही जल की निकासी कराकर उन्हें पनपने से रोका जा रहा है। शहर के तालाब चौराहा मथुरा रोड निवासी 16 वर्षीय किशोर की बीते कुछ दिनों से तबीयत खराब चल रही थी। किशोर को बुखार आ रहा था और शरीर में दर्द था।

तबीयत में सुधार नहीं होने पर चिकित्सक ने किशोर को जिला अस्पताल में डेंगू व अन्य जांच कराने की सलाह दी। बुधवार को किशोर ने खून का नमूना देकर जांच कराई। जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। इसके बाद बृहस्पतिवार की सुबह स्वास्थ्य व मलेरिया विभाग की टीम डेंगू संक्रमित के घर पहुंची और तीस से 40 घरों में स्रोत की जांच की।घरों के आसपास व अंदर का हाल देखा।
विज्ञापन


जिला अपर मलेरिया अधिकारी श्रीकांत ने किशोर को डेंगू होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि टीम ने घरों के आसपास व घरों के अंदर कूलर, फ्रिज की ट्रे, गमला, पुराने कबाड़ के बर्तन आदि में जमा पानी को खाली कराया। साथ ही एंटीलार्वा कीटनाशक का छिड़काव कराया और लोगों को अपने घर व आसपास सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
 

 
विज्ञापन

विशेष अभियान चलाने का दावा हवा-हवाई

डेंगू और मलेरिया को लेकर शहर के कई इलाके अति संवेदनशील घोषित हैं। स्वास्थ्य विभाग ने नगर पालिका प्रशासन को इससे अवगत कराया है और इन इलाकों में विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई कराने, फॉगिंग व लार्वीसाइडल कीटनाशक का छिड़काव कराने की सिफारिश की गई है। हालांकि नगर पालिका प्रशासन संचारी रोग नियंत्रण अभियान के साथ ही शहर में फॉगिंग व लार्वीसाइडल का छिड़काव शुरू कराने का दावा कर रहा है लेकिन धरातल पर यह दावा खरा नहीं उतर रहा है। अगस्त माह भी आधा बीत चुका है लेकिन सीमा विस्तार के बाद शामिल हुए देहात क्षेत्रों में यह अभियान शुरू नहीं हो पाया है। संवाद

पिछले साल शहर से देहात तक रहा था डेंगू- मलेरिया का प्रकोप
जिले के हसायन, सिकंदराराऊ ब्लॉक के कई गांवों और शहर के कई इलाकों में बीते वर्ष डेंगू व मलेरिया के हालात काफी खराब रहे थे। इन इलाकों को जलभराव को लेकर संवेदनशील घोषित किया गया है।नियम के मुताबिक गांवों में ग्राम पंचायत और शहरी क्षेत्र में नगर पालिका परिषद को सफाई व एंटी लार्वा का छिड़काव किया जाना है। एंटी लार्वा उपलब्धता कम होने के कारण इसकी मांग की जा रही है।

इन इलाकों में जलभराव से बीमारियां फैलने का खतरा
शहर के लाला का नगला, नाई का नगला भूतेश्वर बगीची रोड, नगला कुंवरर्जी, मोहल्ला श्रीनगर, मोहल्ला रमनपुर, नयाबांस, जोगिया, तमना गढ़ी, कंचन नगर, सोखना, सीर, गिजरौली, हतीसा, भगवंतपुर, खंदारी गढ़ी, विष्णुपुरी आदि इलाकों में जलभराव से संचारी रोगों के पांव पसारने का लगातार खतरा बना हुआ है।

सरकारी अस्पतालों में कराएं जांच
सीएमओ डॉ. मनजीत सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अगर किसी भी व्यक्ति को बुखार आ रहा है तो वह जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर अपनी नि:शुल्क जांच करा सकता है। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच सुविधा उपलब्ध हैं।

दो दिन से तबीयत ठीक नहीं है। शरीर में दर्द हो रहा है। आज जिला अस्पताल में चिकित्सक को दिखाने के लिए आए हैं। -चांद बाबू, निवासी, मोहल्ला, श्रीनगर।
गांव में डॉक्टर को दिखाकर दवा ले ली, लेकिन इसके बाद भी कोई आराम नहीं मिला तो जिला अस्पताल में आए हैं। -सुधा, निवासी, बेलौट।
घर के सामने पोखर में पानी भरा हुआ है। चारों और गंदगी का ढेर लगा हुआ। जलभराव और गंदगी समस्या का निदान होना चाहिए। -रजनी गोस्वामी, निवासी, मोहल्ला, लाला का नगला।
पोखर में जमा पानी और गंदगी की वजह से मोहल्ले में बीमारियों फैल रही हैं। बुजुर्गों से लेकर बच्चे तक बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। -नन्ने खां, निवासी, मोहल्ला, लाला का नगला।
जुलाई महीने में संचारी रोग नियंत्रण/दस्तक अभियान चलाया जा चुका है। संचारी रोगों से निपटने को लेकर सभी तैयारी कर ली गई हैं। जिला अस्पताल से लेकर प्रत्येक सीएचसी पर सभी सुविधाओं सहित डेंगू वार्ड तैयार हैं। दवा पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। मलेरिया विभाग की टीम गांव-गांव व शहरी क्षेत्र के इलाकों में फॉगिंग व एंटी लार्वा का छिड़काव करने के साथ ही स्रोत की तलाश कर उसे समाप्त करने की कार्रवाई कर रही है। -डॉ. मनजीत सिंह, सीएमओ।
संचारी रोगों को ध्यान में रखते हुए विशेष सफाई अभियान के तहत कार्रवाई की जा रही है। कहीं से भी गंदगी और जलभराव के संबंध में कोई शिकायत प्राप्त होती है तो तुरंत टीम को भेजकर वहां कार्रवाई की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त सूचनाओं पर तुरंत कार्रवाई करते हुए एंटी लार्वा का छिड़काव फॉगिंग कराई जा रही है। पर्याप्त मात्रा में एंटी लार्वा कीटनाशक उपलब्ध है। आवश्यकता पड़ने पर और डिमांड की जाएगी। -नवनीत संखवार, ईओ, नगर पालिका परिषद।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें