फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dengue: हाथरस में डेंगू ने दी दस्तक, युवक मिला संक्रमित, स्वास्थ्य विभाग में मची खलबली

Fri, 23 Aug 2024 05:31 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस

सार

गांव बटपुरा निवासी युवक की बीते कई दिनों से तबीयत खराब चल रही थी। युवक को सर्दी, जुकाम, बुखार और शरीर में दर्द की शिकायत थी। परिजन उसे दिखाने आगरा ले गए। वहां निजी पैथोलॉजी लैब में हुई जांच में युवक के डेंगू संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
विज्ञापन
डेंगू फैलाने वाला मच्छर - फोटो : प्रतीकात्मक
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मलेरिया के बाद अब हाथरस जिले में डेंगू ने भी दस्तक दे दी है। सादाबाद क्षेत्र के गांव बटपुरा निवासी युवक के डेंगू संक्रमित होने की पुष्टि होने से स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है। युवक को इलाज के लिए आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को गांव में शिविर लगाकर ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की। मलेरिया विभाग की टीम ने गांव में मच्छरों के पनपने के स्रोत नष्ट कराए।

विज्ञापन


गांव बटपुरा निवासी 25 वर्षीय युवक की बीते कई दिनों से तबीयत खराब चल रही थी। युवक को सर्दी, जुकाम, बुखार और शरीर में दर्द की शिकायत थी। परिजन उसे दिखाने आगरा ले गए। वहां निजी पैथोलॉजी लैब में हुई जांच में युवक के डेंगू संक्रमित होने की पुष्टि हुई। तुरंत ही गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंच गई। पता चला कि युवक को इलाज के लिए आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में शिविर लगाकर 50 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की। मामूली तौर पर बीमार मिले मरीजों को चिकित्सक ने जांच कर दवा दी। मलेरिया विभाग की टीम ने गांव में पीड़ित मरीज के आसपास के 50 घरों में मच्छरों के पनपने के स्रोत नष्ट कराए। मलेरिया विभाग की टीम ने घर-घर जाकर कबाड़, पुराने बर्तन, फ्रिज की ट्रे में जमा पानी को फिंकवाया। साथ ही लोगों से घर में साफ-सफाई रखने के लिए कहा। गांव में फॉगिंग कराने के साथ ही एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया। इससे पहले जिले में चार मरीज मलेरिया पीड़ित मिल चुके हैं।
विज्ञापन


एक युवक की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई है। युवक की तबीयत अब ठीक है। गांव में टीम भेजकर शिविर लगाया गया। ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की गई। मलेरिया विभाग की टीम ने गांव में मच्छरों के पनपने के स्रोत नष्ट कराए हैं।-डॉ. मनजीत सिंह, सीएमओ।

डेंगू से बचाव के उपाय
-डेंगू फैलाने वाला मच्छर साफ पानी में पनपता है। आपके घर या आसपास पानी जमा है तो उसे वहां से हटा दें।
-पानी से भरे हुए बर्तनों व टंकियों को ढककर रखें।
-कूलर को खाली करके सुखा दें।
-यह मच्छर दिन के समय काटता है। ऐसे कपड़े पहनें, जो बदन को पूरी तरह से ढकें।
-डेंगू के उपचार के लिए कोई दवा या वैक्सीन नहीं है। बुखार उतारने के लिए पैरासीटामोल ले सकते हैं। चिकित्सक की सलाह लें। डेंगू के हर रोगी को प्लेटलेट्स की आवश्यकता नहीं पड़ती।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें