धनगर समाज के लोगों से वार्ता करते रामजीलाल सुमन व देवेंद्र अग्रवाल।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। धनगर समाज के लोग जाति प्रमाण पत्र की मांग को लेकर गुरुवार को भी कलेक्टे्रट में धरने पर बैठे रहे। वहां जोरदार प्रदर्शन किया। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजी लाल सुमन, सपा पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल आदि नेताओं ने धनगर समाज के लोगों से वार्ता की। समाज के लोगों की मांगों का इन नेताओं ने समर्थन किया। इधर लेखपालों ने स्पष्ट कह दिया है कि पहले तहसील स्तर पर एक कमेटी गठित की जाए। उसकी रिपोर्ट के आधार पर ही वह जाति प्रमाण पत्र को लेकर अपनी रिपोर्ट देंगे।
उल्लेखनीय है कि धनगर समाज के लोग करीब एक सप्ताह से कलेक्टे्रट पर धरना देकर जोरदार प्रदर्शन कर रहे है। कुछ नेताओं ने वहां आमरण अनशन शुरू कर दिया था। इन अनशन कारियों को वहां से हटवाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। बुधवार को फिर आंदोलनकारियों ने जाम लगाकर जोरदार प्रदर्शन किया था। इस दौरान पुलिस से भी भिडंत हो गई थी और काफी तोडफ़ोड़ हुई थी। पुलिस प्रशासन की काफी कोशिश के बाबजूद धनगर समाज के लोग कलेक्टे्रट में धरने पर डटे है। उनका यह कहना है कि जब तक उन्हें जाति प्रमाण पत्र नहीं मिलेंगे वह धरना समाप्त नहीं करेंगे। गुरुवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री व सपा के वरिष्ठ नेता रामजीलाल सुमन, पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल आदि वहां पहुंचे और इन लोगों की मांग का समर्थन करते हुए इन्हें जाति प्रमाण दिलाने की मांग की।
इधर जिला प्रशासन ने लेखपालों द्वारा धनगर जाति प्रमाण पत्र जारी करने में आ रही दिक्कतों के संदर्भ में अपनी रिपोर्ट बनाकर देने के निर्देश दिए थे। इसी को लेकर गुरुवार को तहसील परिसर में लेखपालों की एक बैठक हुई। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जिल्द बंदोबस्त, आधार वर्ष दस्तावेजों के आधार पर आवेदक के प्रार्थना पत्र पर रिपोर्ट दी जाती है। इस मामले में जिला प्रशासन को तहसील स्तर पर एक उच्चाधिकारियों की कमेटी बनाई जाए। इस कमेटी में आवेदक के दस्तावेजों पर अपनी रिपोर्ट दी जाएगी इस आधार पर ही लेखपाल अपनी रिपोर्ट लगा देंगे। लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष राम निवास सिंह ने कहा कि आज की बैठक की पूरी रिपोर्ट व प्रमाण पत्र जारी होने में आ रही दिक्कतों के बारे में डीएम को अवगत कराया जा रहा है।