तहसील मुख्यालय होने के बावजूद सासनी को अब तक स्वतंत्र सीओ सर्किल का दर्जा नहीं मिल सका है। इस मांग को लेकर भाजपा प्रदेश मंत्री एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी यतेंद्र शर्मा ने लखनऊ में पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण से मुलाकात की।
विज्ञापन
यतेंद्र ने बताया कि सासनी तहसील में बड़ा ग्रामीण और शहरी क्षेत्र आता है। आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े होने के कारण यह क्षेत्र यातायात की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। इसके बावजूद सासनी कोतवाली हाथरस सदर सीओ सर्किल के अधीन है। जिला मुख्यालय से दूरी अधिक होने के कारण आपातकालीन स्थितियों, सड़क दुर्घटनाओं और कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटनाओं में पुलिस को पहुंचने में समय लगता है। उन्होंने अलग सीओ सर्किल बनने से अपराध नियंत्रण और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण में मदद मिलने की बात कही। डीजीपी ने प्रस्ताव का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। सर्किल गठन का प्रस्ताव पहले ही शासन को भेजा जा चुका है।