रविवार की दोपहर करीब एक बजे आगरा रोड पर गांव गीगला में सड़क पार करते समय बाइक ने एक व्यक्ति को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में सड़क पार कर रहे व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव गीगला निवासी 50 वर्षीय जुगेंद्र सिंह पुत्र हुकम सिंह गांव में सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे जुगेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। इसी दौरान मौका पाकर बाइक चालक भाग निकला। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
घायल को तत्काल ही अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। इससे जुगेंद्र के परिवार वालों का रोकर बुरा हाल था। थाना पुलिस के अनुसार बाइक सवार की तलाश की जा रही है।