केवलगढ़ी के निकट चेन लूटने के बाद विलाप करती महिला
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। कोतवाली चंदपा क्षेत्र के केवलगढ़ी के निकट बाइकर्स ने दिनदहाड़े महिला के गले से सोने की चेन लूट ली। महिला अपने भाई के साथ आगरा जा रही थी। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी ली और छानबीन में जुट गई।
बुधवार की सुबह सासनी के गांव फिरोजपुर निवासी उमेश कुमार पुत्र ख्यालीराम अपनी बहन के साथ आगरा जा रहा था। दोनों एक बाइक पर सवार थे। चंदपा से निकलते ही केवलगढ़ी के निकट उसकी बाइक में पंक्चर हो गया, जिसके बाद उमेश बाइक को पैदल लेकर चलने लगा। उसके पीछे बहन सीमा भी पैदल चलने लगी। इस बीच हाथरस की ओर से एक केटीएम रेसर बाइक पर सवार दो बदमाश आए और सीमा के गले की चेन तोड़कर रफूचक्कर हो गए।
महिला और उसके भाई ने शोर मचाया तो वहां पर आसपास के लोग आ गए। महिला चेन लुटने के बाद रोने लगी। चंदपा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जानकारी सीमा और उसके भाई उमेश से ली। एसएसआई जगवीर सिंह ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।