नगर के मोहल्ला मुकेरखाना निवासी एक युवक साइबर ठगी का शिकार हो गया। पीड़ित के बैंक खाते से अज्ञात साइबर ठगों ने करीब 53 हजार रुपये निकाल लिए। खाते से लगातार रकम कटने के संदेश मिलने पर युवक को घटना की जानकारी हुई। पीड़ित ने मामले की तहरीर सादाबाद कोतवाली में देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला मुकेरखाना निवासी पंकज त्यागी पुत्र सत्यप्रकाश त्यागी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 10 जुलाई की शाम करीब 5 बजे उसके मोबाइल फोन पर बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते से 5 हजार रुपये कटने का संदेश प्राप्त हुआ। अचानक खाते से रकम निकलने का तेसेज देखकर वह घबरा गया और तत्काल बैंक शाखा पहुंचकर अपने खाते की जानकारी ली।
बैंक में जानकारी करने पर उसे पता चला कि उसके खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 53 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं। ठगी के बाद उसके खाते में केवल 46 रुपये ही शेष बचे थे। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित के होश उड़ गए। पीड़ित ने कोतवाली में शिकायत करते हुए अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई करने और उसकी रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। संवाद