संवाद न्यूज एजेंसी, सासनी।
कोरोना कर्फ्यू की अवधि बढ़ने से व्यापारियों की बेचैनी बढ़ गई है। यही वजह है कि वह कोरोना कर्फ्यू का उल्लंघन करने से बाज नहीं आ रहे। शुक्रवार को भी कस्बे में दोपहर 12 बजे तक बाजार पूरी तरह खुला रहा। दुकानदारों ने ग्रामीण अंचल से आने-जाने वाले लोगों को दुकानें खोलकर सामान बेचा। बाजार में भीड़ जमा हो गई। हालात इतने खराब हो गए कि वहां सोशल डिस्टेंसिंग तो दूर की बात, ज्यादातर लोेग बिना मास्क के ही नजर आने लगे।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके पर जाकर दुकानदारों से जबरन दुकानें बंद कराईं। पुलिस को देखकर सामान खरीदने आए लोगों में भडदड़ मच गई। इससे भी बुरे हालात कस्बे की सब्जी मंडी में देखने को मिले। यहां भी बहुत कम लोग मास्क का प्रयोग करते और सामाजिक दूरी का पालन करते नजर आए।
कोरोना कर्फ्यू के नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। इधर, कर्फ्यू का फायदा उठाकर जरूरी चीजों और दवाओं की कालाबाजारी शुरू हो गई है। हर चीज पर जमकर मुनाफाखोरी की जा रही है, लेकिन पुलिस-प्रशासन इस पर अंकुश लगाने में नाकाम है।