फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hathras News: हादसे में युवक की मौत पर भड़की भीड़, डंपर में लगाई आग

Thu, 01 Oct 2026 02:41 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस
विज्ञापन
हादसे के बाद आग के हवाले किया गया डंपर। स्रोत : सोशल मीडिया - फोटो : Social Media
विज्ञापन
इगलास क्षेत्र में बुधवार की दोपहर 12:15 बजे कारस पुलिया पर गंगा स्नान के लिए जा रहे बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मारने के बाद डंपर शिवकुमार (24) को डेढ़ किमी तक घसीटते हुए तोछीगढ़ बंबा तक ले गया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आक्रोशित भीड़ ने पीछा कर डंपर को पकड़ लिया और उसमें आग लगा दी।
विज्ञापन

घटना के बाद अलीगढ़ और हाथरस जिलों से काफी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और भीड़ को खदेड़ा। इगलास के गांव बड़ा खुर्द निवासी शिवकुमार बुधवार को अपने गांव के ही दोस्त भोला (23) व चरन सिंह (24) के साथ राजघाट गंगा स्नान व छतारी में चौंढेरा माता मंदिर के दर्शन करने की कहकर घर से निकले थे।
तीनों कारस पुलिया पर पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें रौंद दिया। हादसे के बाद चालक ने डंपर नहीं रोका। बाइक चला रहे शिवकुमार डंपर में ही फंस गए। लोगों के शोर मचाने पर भी वह नहीं रुके। तोछीगढ़ चौकी पुलिस ने बंबा पर डंपर को रुकवा लिया और शिव कुमार को डंपर से निकालकर जिला अस्पताल भेजा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
विज्ञापन

भीड़ पीछा करते हुए तोछीगढ़ चौकी तक पहुंच गई। आक्रोशित लोगों ने चालक को पीटने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने जैसे-तैसे चालक को वाहन को वहां से निकाला। एक सिपाही चालक व डंपर को लेकर हाथरस की ओर आ रहा था। चालक को बचाने की आशंका पर भीड़ भड़क गई और फिर से डंपर का पीछा किया।
दोपहर करीब एक बजे लोगों ने डंपर को गांव टुकसान के सामने रोक लिया गया। सिपाही की मौजूदगी में चालक को पीटा और फिर डंपर में आग लगा दी। पीछे से कोतवाली इगलास व हाथरस गेट पुलिस मौके पर पहुंच गई। आग लगाने के बाद उत्पाती युवक फरार हो गए। इगलास से आयी दमकल ने आग पर काबू पाया। घटना के कारण एक घंटा 15 मिनट यातायात प्रभावित रहा।

भोला गंभीर हालत में रेफर
बाइक शिवकुमार चला रहे थे, जबकि भोला बीच में व चरन सिंह पीछे बैठे थे। जिला अस्पताल से भोला को आगरा रेफर किया गया। हादसे में भोला के सिर व चेहरे पर गंभीर चोट आई है। चरन सिंह के हल्की चोटें थीं। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें घर ले गए।

सात साल पहले पिता की भी हुई थी हादसे में मौत
शिवकुमार तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। वह अपने भाइयों के साथ खेतीबाड़ी का काम संभालते थे। बड़े भाई आकाश ने बताया के उनके पिता जगवीर सिंह की भी सात साल पहले हादसे में ही मौत हो चुकी है। वे मथुरा काम करने गए थे, जहां उनके ऊपर दीवार गिर गई थी। आकाश ने बताया कि भाई के लिए रिश्ता देख रहे थे। दिवाली के आसपास से शादी करने की योजना थी, लेकिन उससे पहले ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें