थाना दादों क्षेत्र के गांव आलमपुर-फतेहपुर में सोमवार शाम दूसरे तालाब में भी मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब किनारे पहुंच गए। लगातार दो अलग-अलग तालाबों में मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में अनहोनी की आशंका बढ़ गई है।
ग्रामीण धर्मेंद्र सूर्यवंशी ने बताया कि गांव में करीब 500 मीटर की दूरी पर दो तालाब स्थित हैं। दो- तीन दिन पहले एक तालाब में मगरमच्छ दिखाई दिया था। सोमवार शाम दूसरे तालाब में भी मगरमच्छ तैरता नजर आया। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि दोनों तालाबों में अलग-अलग मगरमच्छ हैं तो आने वाले समय में यह ग्रामीणों और मवेशियों के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं।
तालाबों के आसपास लोगों का आना-जाना लगा रहता है और पशु भी पानी पीने के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में किसी भी समय हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से दोनों तालाबों की जांच कर मगरमच्छों को सुरक्षित पकड़कर अन्य स्थान पर छोड़ने की मांग की है, ताकि गांव में दहशत का माहौल समाप्त हो सके। वन विभाग ने कहा कि जल्द ही दोनों को पकड़ कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जाएगा।