खेत में लापता युवक के पड़े मिले सामान को देखते पुलिसकर्मी व लोग।
- फोटो : Amar Ujala
कोतवाली मुरसान क्षेत्र के गांव भकरोई का युवक रहस्यमय तरीके से लापता हो गया। वह छह फरवरी को सिलाई फैक्ट्री से काम करके निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। बुधवार को कुछ लोगों की सूचना पर पुलिस ने गांव उदयभान से लापता युवक के कपड़े व अन्य सामान बरामद किया है। युवक के पिता ने इस मामले की तहरीर दी है, जिसमें उसके ससुराली जनों पर अपहरण कर हत्या करने का शक जताया है। पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
लापता युवक के पिता चांद खां निवासी भकरोई पोस्ट सोनई मुरसान ने अपनी तहरीर में आरोप लगाए हैं कि उनके पुत्र आशिक खान की शादी लगभग तीन वर्ष पूर्व गांव योरनी बल्देव मथुरा निवासी भूरा खां की पुत्री नजमा के साथ हुई थी। तहरीर में कहा गया है कि करीब एक वर्ष से नजमा और उसके परिजन भूरा खां व उसके परिजन गांव में आए और उन्होंने पंचायत भी की। एक-दो बार मामला थाने भी पहुंचा। तीन फरवरी को भूरा खां का साढ़ू लाला निवासी सकोर्रा कोतवाली इगलास जिला अलीगढ़ ओर अन्य दो व्यक्ति उसके घर आए। इन लोगों ने प्रार्थी के पुत्र आशिक और उसकी मां के साथ मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर गांव के काफी लोग एकत्रित हो गए। यह लोग अपनी पुत्री को साथ ले जाने लगे तो उनके पुत्र आशिक ने इन्हें रोक दिया।
उसी समय गांव के सभी लोगों के सामने यह लोग धमकी देकर गए कि आज तो चले जा रहे हैं, लेकिन अब हम तुम्हारे पुत्र की हत्या कर देंगे। छह फरवरी को उनका पुत्र आशिक ग्राम महाराम में सिलाई फैक्ट्री में काम करने के लिए साइकिल से गया था, लेकिन रात नौ बजे तक नहीं लौटा। उसकी काफी खोजबीन की गई। जब परिवार के लोग फैक्ट्री पहुंचे तो वहां बताया कि वह फैक्ट्री से शाम साढ़े छह बजे ही चला गया है। सुबह सात बजे आशिक की साइकिल, उसके पहने हुए कपड़े और जूते बाग में 50 मीटर की दूरी पर गांव उदयभान की तरफ मिले हैं।
साइकिल पर टंगी एक पॉलीथिन में सब्जी भी टंगी थी। उन्हें आशंका है कि इन लोगों ने उसका अपहरण कर उसकी हत्या कर दी है।
मुरसान कोतवाल अनिल कुमार सिंह ने बताया कि इस युवक की पेंट-शर्ट, जूता और साइकिल बरामद हुई है, जिनके आधार पर पुलिस टीम और ग्रामीणों ने काफी दूर तक तलाश की, लेकिन युवक का कुछ पता नहीं चला। पिता की तहरीर के आधार पर एक पुलिस टीम लापता युवक की तलाश में उसके ससुराल थाना बल्देव क्षेत्र के गांव योरनी रवाना की गई है। पुलिस टीम के लौटने पर ही कुछ स्पष्ट तौर पर कहा जा सकेगा।