अाराेपी के बारे में जानकारी देती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली पुलिस ने मंगलवार की रात में पुरदिलनगर नहर स्थित कोठरी से एक युवक को 130 पौव्वे शराब सहित गिरफ्तार किया है। इस युवक की गिरफ्तारी उस वक्त की गई, जब शराब को और ज्यादा नशीला बनाने के लिए उसमें यूरिया खाद का मिश्रण मिलाया जा रहा था। अरुणाचल की शराब यूपी में बेचने के लिए यहां ढक्कन बदला जा रहा था। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेेज दिया है।
कोतवाल मनोज कुुमार शर्मा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर दरोगा ललित शर्मा, वैश अहमद, कांस्टेबल शीलेश आदि ने पुरदिलनगर नहर पुल के पास बनी कोठरी पर मंगलवार की रात्रि करीब साढ़े नौ बजे छापा मारा। छापे के दौरान पाया कि कोतवाली के गांव फरीदाबाद निवासी रामपाल पुत्र सुमेर सिंह अपनी बाइक खड़ी कर कोठरी में बैठा शराब के पौवों से ढक्कन की बदली कर रहा था। पास ही में एक थैले में यूरिया खाद पड़ी थी। पूछने पर बताया कि उसने यह शराब कोतवाली के गांव भुर्रका निवासी से खरीदी थी। शराब अरुणाचल प्रदेश की है।
पकड़े जाने के डर से उस पर यूपी का लेवल लगाया जा रहा था। यूरिया खाद मिलाने से शराब ज्यादा नशीली हो जाती है, इसलिए इसमें यूरिया खाद मिलाई जा रही थी। आरोपी ने पुलिस को बताया कि इस शराब को वह गांव में अपनी दुकान से थोक और फुटकर में बेचता था। उसे 22 रुपये कीमत में पौवा मिला था। जब वह उसे 75 रुपये में बेचता था। काफी समय से वह इस काम में लिप्त था।
भुर्रका बना मादक पदार्थों का हब
सिकंदराराऊ। बड़े अपराधी पापा और मानपाल यादव का गांव भुर्रका अब मादक पदार्थों का हब बन गया है। कुछ दिन पूर्व एटा निवासी दो बाइक सवार युवकों को पुलिस ने पकड़ा था। उनके पास से छह किलो गांजा बरामद हुआ था। बुधवार को पकड़ी गई शराब भी यहीं से खरीदी गई थी। कोतवाल मनोज शर्मा ने बताया कि इस गांव पर विशेष नजर रखी जा रही है। सूचनाओं के आधार पर शीघ्र बड़ी कार्रवाई की जाएगी।