कब्र से आज निकाला जा सकता है शव
कैराना।
एक सप्ताह पूर्व बसेड़ा यमुना घाट पर पैदल यमुना पार करते समय दभेड़ी खुर्द निवासी शाहनवाज की यमुना में डूबने से मौत हो गई थी। अन्य ग्रामीणों के दबाव में आकर मृतक के पिता मकसूद ने अपने बेटे के शव का पीएम कराने से इंकार कर दिया था।
बुधवार को मृतक का पिता मकसूद अपने परिवार के लोगों के साथ कोतवाली पहुंचा तथा पुलिस को बताया कि उसके बेटे की हत्या की गई है। इस कारण उसके बेटे शाहनवाज का शव कब्र से निकाल कर पीएम कराया जाए। मृतक के पिता ने बताया कि गांव के ही कुछ लोगों ने उसके बेटे की हत्या की है। वहीं, दूसरी तरफ मामले में आरोपी पक्ष के भी दर्जनों लोग कोतवाली पहुंचे तथा बताया कि वे निर्दोष हैं तथा शाहनवाज की मौत पानी में डूबने के कारण हुई है। लोगों ने कोतवाली प्रभारी से कब्र से निकाल कर शव का पीएम कराये जाने की मांग की, ताकि उनके ऊपर लगाए गए आरोप झूठे साबित हो सके। उधर, कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी सुनील दत्त ने बताया कि कब्र से शव को निकाल की पीएम कराए जाने के लिए प्रार्थना पत्र मिला है। मामले में उपजिलाधिकारी को पीएम कराए जाने के लिए लिखा जाएगा।