फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हाईवे पर अवैध वसूली कर रहे दो पुलिसकर्मी निलंबित

Tue, 24 Apr 2018 11:43 PM IST
क्राइम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
विज्ञापन
विज्ञापन
चंदपा थाना क्षेत्र में आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे से गुजरने वाले वाहनों से अवैध वसूली के आरोप में एसपी घुले सुशील ने मंगलवार देर शाम यूपी 100 की पीआरवी 1127 में तैनात हेड कांस्टेबल लेखराज सिंह, सिपाही शिव कुमार को निलंबित कर दिया। वहीं वसूली में पुलिसकर्मियों के साथ शामिल होमगार्ड चंद्रेश कुमार शर्मा को ड्यूटी से हटा दिया गया है। उसके विरुद्ध कार्रवाई के लिए होमगार्ड के जिला कमांडेट को कहा गया है। लोगों को निर्धारित समय में मदद पहुंचाने के लिए शुरू की गई प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना यूपी 100 पुलिसियां ढर्रे की शिकार हो गई है। यूपी 100 में तैनात पुलिसकर्मी हर कॉल पर धंधे की जुगाड़ में रहते हैं। कई बार मौके पर पहुंचे पीआरवी कर्मी दोनों पक्षों में समझौते का दबाव बनाकर अवैध वसूली करते हैं तो कभी पीड़ित पक्ष को ही थाने लाकर बंद करा देते हैं। इसके अलावा हाईवे पर वाहनों से वसूली करना और गोरखधंधों में लगे लोगों से वसूली अलग से की जाती है। बीते दिनों चंदपा और सादाबाद थानों की सीमा पर यूपी 100 की पीआरवी के अवैध वसूली का वीडियो वायरल हुआ था। यूपी 100 की पीआरवी खुलेआम दिनदहाड़े वाहनों को रोककर वसूली कर रही थी। रास्ते से गुजरते एक जागरूक शख्स ने यह वीडियो बना लिया था जो उसी दिन तेजी से वायरल हो गया। उस समय एसपी घुले सुशील छुट्टी पर गए हुए थे। वीडियो वायरल होने पर एएसपी अरविंद कुमार ने मामले में जांच कराने की बात कही थी। हाल ही में छुट्टी से लौटे एसपी घुले सुशील ने यह वीडियो देखा। वीडियो में वाहनों से वसूली करने वाले पुलिसकर्मियों के चेहरे साफ दिखाई दे रहे हैं। आरोपियों की पहचान होने पर एसपी ने मंगलवार शाम को एचसीपी लेखराज सिंह, सिपाही शिव कुमार को निलंबित कर दिया और होमगार्ड चंद्रेश कुमार के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी घुले सुशील ने कहा कि यूपी 100 लोगों को तत्काल मदद पहुंचाने के लिए है। पीआरवी कर्मियों पर वसूली के आरोप बेहद गंभीर हैं। यूपी 100 की सभी पीआरवी में तैनात कर्मियों को पूरी ईमानदारी और तत्परता से ड्यूटी को अंजाम देना चाहिए। इस तरह की शिकायतों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें