सहपऊ। जलेसर सादाबाद मार्ग पर एक दस टायरा ट्रक ने सामने से आती हुई बाइक को रौंद दिया। इसमें एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत चिंताजनक बनी हुई है। उसे आगरा रेफर कर दिया है। कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला बेनी निवासी विजय सिंह यादव (28) पुत्र कप्तान सिंह जलेसर सादाबाद मार्ग पर स्थित एक पब्लिक स्कूल में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत था। वह रोजाना की भांति गांव से अपनी बाइक पर सुबह स्कूल को निकला था। रास्ते में धर्मशाला चौराहा पर चौबारा निवासी होमगार्ड योगेंद्र उपाध्याय (40) पुत्र रामजीलाल मिल गया। वह भी सादाबाद के लिए उसके साथ पीछे बाइक बैठ गया। सुबह आठ बजे के लगभग घना कोहरा था। इसी के चलते पीहुरा गांव से निकलते सामने से आ रहे बालू से भरे दस टायरा ट्रक ने उनकी बाइक को रौंद दिया। बाइक काफी दूर तक उस ट्रक के साथ घसीटती हुई चली गई। दोनों बाइक सवार ट्रक के पहिए के नीचे आ गए, जिसमें से विजय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। योगेंद्र को मानिकपुर से आने वाली रोडवेज में लादकर सादाबाद सीएचसी पर भेज दिया जहां से उसे आगरा रेफर कर दिया है। दुर्घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घटना स्थल पहुंचने वालों ने बताया कि कोहरा इतना घना था कि कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। उन लोगों ने 108 एंबुलेंस पर भी सूचना दी थी लेकिन काफी इंतजार के बाद वह नहीं आई तो दूसरे घायल को रोडवेज से सादाबाद भेजा। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने भी घायल के लिए 108 पर फोन किया था लेकिन अंत तक वह नहीं पहुंची। वहीं, मृतक की पहचान एक स्कूल बस में जा रहे बच्चे ने की। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे। उनका रो-रोकर बुरा हाल था। मौके से ड्राइवर व क्लीनर ट्रक को लेकर भाग गए। पुुलिस ने इस सिलसिले में दो ट्रक पकड़ लिए। दस टायरा वाले ट्रक के परिचालक हरेंद्र सिंह उर्फ पिंटू पुत्र श्यामवीर सिंह निवासी नगला भुबन थाना जसराना जिला फीरोजाबाद को ट्रक से भागते समय पकड़ लिया उसने यह स्वीकार कर लिया कि दुर्घटना उसके ट्रक से ही हुई है। उसने ड्राइवर का नाम सुमित कुमार निवासी मछरिया थाना जसराना जिला फीरोजाबाद बताया। मृतक के बड़े भाई सुभाष ने दुर्घटना की नामजद तहरीर कोतवाली दे दी है।