सिटी स्टेशन के पास कोल्ड ड्रिंक से भरा ट्रक असंतुलित होकर पलट गया। हादसे में चालक-क्लीनर समेत आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। ट्रक पलटने के बाद स्थानीय लोग कोल्ड ड्रिंक की कई बोतलें ले गए। मौके पर पहुंची पुलिस को देख लोग भाग खड़े हुए।
बरेली से ट्रक कोल्ड ड्रिंक से भरी क्रेटों को लेकर रु हेरी स्थित कोका कोला कंपनी के प्लांट पर जा रहा था। रास्ते में ट्रक चालक ने कई सवारियों को बैठा लिया। तालाब चौराहे से पहले मोहल्ला कर्र पर इन सवारियों को उतारने के लिए चालक ने ट्रक को सड़क के किनारे खड़ा करने की कोशिश की। जिससे चालक ने ट्रक के एक ओर के पहियों को सड़क से नीचे फुटपाथ पर उतार दिया। फुटपाथ के सड़क से काफी गहरे होने के कारण ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। ट्रक में फंसे घायलों को निकालने के लिए लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी।
ट्रक पलटने से बड़ी संख्या में कोल्ड ड्रिंक की बोतलें टूट गईं और बाकी सड़क पर आ गिरीं। कोतवाली के एसआई भूप सिंह ने घायलों को ट्रक से निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों में चालक एदल सिंह पुत्र बनी सिंह निवासी पिरसुआ राया मथुरा, क्लीनर मोहन उर्फ अनिल पुत्र पूरन सिंह निवासी जारऊ सादाबाद, टीकम सिंह पुत्र लालाराम, लालाराम की पत्नी सावित्री देवी निवासीगण अलैदीनपुर हसायन, मोहनलाल पुत्र श्यामलाल, गुड्डी देवी पत्नी भूरी सिंह व कल्लू पुत्र छिद्दू निवासीगण हसायन हैं।