सदर कोतवाली पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की दो बाइकें और एक स्कूटी बरामद की हैं। आरोपी इन वाहनों को बेचने की फिराक में थे तभी पुलिस को किसी ने खबर कर दी और आरोपी दबोचे लिए गए। पुलिस ने तलाशी में एक आरोपी के पास से तमंचा और दो आरोपियों के पास से चाकू बरामद किया है।
कोतवाल जेएस पंवार के मुताबिक जलेसर थाना क्षेत्र के सादाबाद अड्डा प्रेम नगर निवासी आकाश पुत्र ऊदल सिंह, इसी थाना क्षेत्र के गांव वारी का चौक के गिरीश यादव पुत्र भूप सिंह व थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव नयाबांस के भरत शर्मा पुत्र राधेश्याम शर्मा कांशीराम कॉलोनी में दो बाइक और एक स्कूटी को बेचने आए थे। ग्राहकों के आने से पहले पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस को देख आकाश ने फायर झोंक दिया।
इस हमले में पुलिस वाले बाल-बाल बच गए। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बरामद होंडा स्टेनर चंद रोज पहले ही उन्होंने बिछुआ गली से चुराई थी। वहीं सिल्वर कलर की महिंद्रा सैंट्रियो एक महीने पहले हाथरस जंक्शन से चोरी की थी। आरोपियों ने बताया कि वह खुद चोरी करने के अलावा चोरी के वाहनों को सस्ते दामों पर खरीदकर बेचा करते हैं।
कोतवाल जेएस पंवार का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ में कुछ और सुराग मिले हैं। जल्द ही चोरी की कुछ और बाइकें बरामद की जा सकती हैं। कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।