सादाबाद। सोमवार को औषधि निरीक्षक ने सादाबाद में तीन मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई से मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया। मेडिकल स्टोर संचालकों को तीन दिन का नोटिस दिया गया है, जवाब न देने पर लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई। औषधि निरीक्षक पूरनचंद ने बताया कि डीएम से बस स्टेंड के आसपास की दुकानों पर नकली व नशीली तथा प्रतिबंधित दवाओं के बेचे जाने की शिकायत की गई थी। डीएम के निर्देशों पर ही यह छापेमारी कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि बस स्टेंड के निकट से एक मेडिकल स्टोर से डीआई ने कुछ दवाओं का सैंपल लिया। दवा विक्रेता मौैके पर इनके बिल प्रस्तुत नहीं कर सका। दोनों दवाओं की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। इसी तरह एक अन्य मेडिकल पर संचालक नहीं मिला। संचालक का भाई मेडिकल स्टोर पर था। वह दो दवाओं के बिल व कैशमीमो प्रस्तुत नहीं कर सका। यहां से भी दो दवाओं के नमूने लिए गए। तीसरे मेडिकल पर मेडिकल संचालक नीमो कोल्ड एएफ, ओफ्लोकेम व एक अन्य टेबलेट का बिल प्रस्तुत नहीं कर सका। ओफ्लोकेम की बिक्री पर रोक लगाई गई। इन सभी दुकानदारों को तीन दिन का नोटिस दे दिया गया है। जवाब न देने पर लाइसेंस निरस्त की कार्रवाई भी की जाएगी।