नगर के मोहल्ला मटकोटा में रविवार की शाम को करीब साढ़े पांच बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घर के बाहर खेल रहे डेढ़ वर्षीय मासूम बच्चे को एक युवक गोद में उठाकर भागने लगा। संयोग से लड़के का पिता वहां आ गया और उसने बच्चे को युवक के चंगुल से छुड़ाया। आरोपी को धुनने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया गया। खबर लिखने तक पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही थी।
राजू कुरैशी का लड़का अरहान घर से बाहर खेल रहा था। तभी वहां कोतवाली के गांव फरीदाबाद निवासी प्यारे आया। बच्चे को टॉफी दिलाने के बहाने गोद में ले लिया और भागने लगा। संयोग से राजू वहां आ गया। उसने देखा कि एक युवक बच्चे को लेकर भागा जा रहा है तो वह सन्न रह गया।
उसने शोर मचा दिया। शोर मचते ही बच्चे को प्यारे ने गोद से उतार दिया। मोहल्ले वालों ने प्यारे की धुनाई कर दी और पुलिस बुला ली और आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। कोतवाली में प्यारे ने बताया कि वह तो बच्चे को टॉफी दिलाने जा रहा था।