पुरानी पेंशन की मांग को लेकर अटेवा के लोग डीएम को सीएम के नाम ज्ञापन सौंपते हुए।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
हाथरस। मुरसान पुलिस ने बीते दिनों थाने के बाहर जाम लगाने वाले दो दर्जन से ज्यादा लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। यह लोग शिक्षक अमित सिंह की रहस्यमय मौत के बाद मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग को लेकर हंगामा कर रहे थे।
हसायन थाना क्षेत्र में नगला रति स्टेशन से कुछ दूरी पर मुरसान निवासी शिक्षक अमित सिंह का शव मिलने के बाद परिजनों ने मुरसान थाने के बाहर जाम लगा दिया था। अमित सिंह सहपऊ ब्लॉक के कोकना खुर्द प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे और पिछले कुछ महीनों से लेखाकार कार्यालय में संबद्ध थे। मुरसान के मोहल्ला किला के रहने वाले अमित सिंह का शव हसायन में रेलवे ट्रैक पर मिला था। शव का सिर और हाथ गायब था। परिजन अमित की मौत को लेकर काफी गुस्से में थे और उसके ससुरालियाें के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग लेकर हंगामा कर रहे थे। आरोप है कि इस दौरान कई वाहनों को आग लगाने की कोशिश की गई थी और जमकर बवाल किया गया। पुलिस को जाम खुलवाने में दो घंटे का समय लगा। मुरसान पुलिस ने इस मामले में 26 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हाथरस। शिक्षक अमित सिंह की मौत से पर्दा उठाने के लिए पुलिस तेजी से जांच में जुटी है। भले ही यह मामला हसायन थाने में दर्ज हुआ हो, लेकिन जांच के मामले में मुरसान पुलिस ज्यादा सक्रिय है। मुरसान पुलिस ने हाल ही में अलीगढ़ के मुख्य डाकघर के सीसीटीवी फुटेज जुटाने की कोशिश की है। अमित ने मौत से कुछ समय पहले अपने इस्तीफे को यहीं से बीएसए और अपर निदेशक समेत कई अधिकारियों को रजिस्टर्ड डाक से भेजा था। अगर अमित वहां दोपहर को ढाई बजे खुद मौजूद था तो सुबह उसके अपहरण होने की बात की सच्चाई सामने आ जाएगी। अमित की मौत हत्या थी या आत्महत्या, इससे भी पुलिस पर्दा उठा सकेगी।
जान देने जा रही लड़की को बचाया
हाथरस। ओढ़पुरा रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन के आगे कूदकर जान देने जा रही एक लड़की को कुछ लोगों ने समय रहते बचा लिया। गृह क्लेश के कारण यह लड़की देर शाम मथुरा-कासगंज पैसेंजर के सामने कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त करना चाहती थी। जैसे ही वह ट्रेन के आने पर ट्रैक की ओर चली, लोगों की नजरें उस पर जम गईं। लोगों को जब यह अहसास हुआ कि लड़की जान देने के लिए ट्रैक पर जा रही है। तभी उन्होंने दौड़ लगा दी। शोर मचाने पर कुछ और लोग दौड़े। ट्रेन के पहुंचने से पहले लोगों ने लड़की को ट्रैक से खींच लिया।