Parents weaping after found dead body.
- फोटो : amar ujala
कस्बा के मोहल्ला गौसगंज से मंगलवार शाम को लापता हुए युवक का शव बुधवार सुबह खेरिया बंबा में मिला। युवक के सर और गर्दन पर धारदार हथियार से हत्या करने के बाद शव को फेंका गया था। सुबह तो इसकी शिनाख्त नहीं हो सकी, लेकिन दोपहर में उसकी शिनाख्त बॉबी यादव के रूप में हुई। जानकारी पर मोहल्ले में हड़कंप मच गया।
मोहल्ला गौसगंज निवासी बॉबी पुत्र सालिगराम लक्ष्मी टॉकीज के सामने खोखे में चूरन चटनी की दुकान करता था। उसके बाद हाथरस नील की कोठी में नौकरी करने लगा था। नौकरी पर यह प्रतिदिन ट्रेन से आया जाया करता था। मंगलवार को यह हाथरस तो नहीं गया, लेकिन शाम को खाना खाकर घर से चला आया था। बुधवार सुबह कोतवाली पुलिस को बंबे में लाश पड़ी होने की खबर मिली।
कोतवाल पीके द्विवेदी सीओ नरेशचंद्र वर्मा घटनास्थल पर पहुंचे तथा शव की शिनाख्त कराने की चेष्टा की, लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई। युवक के सर तथा गर्दन पर धारदार हथियार से प्रहार किए गए थे, जिससे काफी खून बह गया था। पुलिस का कहना है कि शायद इसी कारण उसकी मौत हुई। इधर पुलिस ने चौकीदार की तहरीर के आधार पर शव को पीएम के लिए भेज दिया। दोपहर में किसी तरह इसकी शिनाख्त बॉबी के रूप में हो गई। युवक दो बच्चों का पिता था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।