हाथरस। बिजली कॉटन मिल चौराहे पर मंगलवार रात को ट्रेन की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। युवक दुकान से घर जा रहा था। अचानक हुए इस हादसे से युवक के परिवार में कोहराम मच गया है। हादसे के बाद उसके सात रोते-बिलखते बच्चों के भविष्य पर सवाल खड़ा हो गया है।
रामवीर (42) पुत्र बालकृष्ण नगर पालिका बाजार में एक दुकान पर काम करता था। शाम को काम खत्म करने के बाद वह नगला अलगर्जी स्थित अपने घर के लिए पैदल निकला। बताया जाता है कि वह सिटी स्टेशन से होते हुए बिजली कॉटन मिल चौराहे पर पहुंचा ही था कि एक तेज रफ्तार मालगाड़ी वहां से गुजरी। रामवीर ट्रैक को पार करने की कोशिश कर रहा था। मालगाड़ी के अचानक आने से वह हड़बड़ा गया और कुछ ही पलों में वह ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। सभी ने शोर भी मचाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। मालगाड़ी के निकलने के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने रामवीर के शव को पोस्टमार्टम के लिए अपने कब्जे में ले लिया।