घने कोहरे और शीतलहर से ठिठुरे लोग
- फोटो : अमर उजाला
शीतलहर के बीच जिले में मौतों का सिलसिला जारी है। एक और किसान की मंगलवार को ठंड से मौत हो गई। परिजनों की मानें तो किसान खेत पर आलू की फसल देखने गए थे। तभी उन्हें ठंड लग गई और उनकी मौत हो गई। तहसीलदार के निर्देश पर राजस्व टीम गांव पहुंची और परिजनों से किसान की मौत के कारणों के बारे में जानकारी ली।
परिजनों ने बताया कि 81 वर्षीय किसान महावीर प्रसाद शर्मा निवासी धौरपुर हाथरस सुबह चार बजे अपने खेत पर गए थे। तभी उनकी तबियत बिगड़ गई। हालत खराब होने पर परिजनों ने उनको उपचार के लिए ले जाने के प्रयास किए, लेकिन इसका कोई लाभ नहीं हुआ। किसान की गांव में ही मौत हो गई। मृतक किसान के पुत्र रजनीश उपाध्याय ने बताया कि पिता आलू की फसल देखने खेत पर गए थे, तभी उन्हें ठंड लग गई।
ग्रामीणों की सूचना पर लेखपाल सुनील कुमार और मदन शर्मा की टीम गांव पहुंची और ग्रामीणों से किसान की मौत के बारे में जानकारी ली। तहसीलदार सदर कमलेश गोयल ने बताया कि परिजनों ने खुद माना है कि किसान की मौत हार्ट अटैक से हुई है। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से भी इंकार कर दिया। चूंकि यह स्वाभिक मृत्यु है, इसलिए इसमें किसी तरह की आर्थिक मदद का भी प्राविधान नहीं बनता।