कासगंज रोड स्थित गांव महमूदपर से आगे माइनर के किनारे कोतवाली पुलिस ने मंगलवार की सुबह युवक का शव बरामद किया है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या करने के बाद शव को बंबे में फेंका गया है, जोकि पानी के साथ यहां तक पहुंच गया और कूड़े में फंसकर अटक गया।
कोतवाली पुलिस को मंगलवार को ग्रामीणों ने सूचना दी कि गांव महमूदपुर के समीप बंबे में एक शव पड़ा हुआ है। सूचना पर चौकी अगसौली पुलिस बंबे पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकाला। मृतक की उम्र 30 से 35 वर्ष के लगभग है। मृतक पेंट-शर्ट पहने हुए था। उसके हाथ और चेहरे पर तेजाब फेंका गया था, जिससे शरीर के यह दोनों अंग काले पड़ गए हैं और चेहरा बुरी तरह बिगड़ चुका है।
पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की काफी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। आशंका व्यक्त की जा रही है कि हत्या कर सबूत मिटाने की गरज से चेहरे पर तेजाब डाला गया। बता दें कि यह राजवाहा माचुआ हरदुआगंज अलीगढ़ से सिकंदराराऊ की तरफ निकलता है। पुलिस के अनुसार शव को निर्धारित समय तक शिनाख्त के लिए सुरक्षित रखा जाएगा। इसके बाद उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा।