हाथरस। हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के गांव चंदनपुर में रंजिशन एक युवती को घर में अकेला देखकर घेर लिया और जमकर पीटा गया। इतना ही नहीं उसकी गर्दन पर फरसा रखकर पहले धमकाया गया, बाद में फरसे से सिर पर वार किया गया। बचाव में आई उसकी मां को भी आरोपियों ने पीट दिया। थाना पुलिस ने घायल युवती का जिला अस्पताल में डॉक्टरी परीक्षण और प्राथमिक उपचार कराया है। जिला अस्पताल में डॉक्टरी परीक्षण को पहुंची कविता सेंगर पुत्री राजेश कुमार ने बताया कि वह घर में अकेली थी और नहाने के बाद अपने बाल सुखा रही थी। तभी उसके पड़ोसी घर में लाठी-डंडे और फरसे लेकर घुस आए। जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से उनका विवाद चल रहा है। मामला कोर्ट में है। आरोपी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। हाल ही में उन्होंने दीवार लगाने की कोशिश की थी, जिसका विरोध युवती और उसके परिजनों ने किया था। इससे वह खिसियाए हुए थे और बदला लेने की फिराक में थे। एसओ सुधीर कुमार का कहना है कि कविता सेंगर की ओर से शिकायत उन्हें मिल गई है। आरोपों की जांच करने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।