बुधवार को इगलास रोड पर कलमी सोडा बनाने वाली जिन दो फैक्ट्रियों को सीज किया गया था, गुरुवार को उनमें चिलर प्लांट चलता देख अधिकारी भौचक रह गए। सीज फैक्ट्री में केमिकल के नमूने लेने के लिए तहसीलदार एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम पहुंची थी।
चिलर प्लांट चला रहे दो मजदूरों को तहसीलदार के निर्देश पर पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। इसके साथ ही टीम ने केमिकल के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजे हैं ताकि स्पष्ट हो सके कि फैक्ट्री में किस तरह के कौन-कौन से घातक केमिकल इन फैक्ट्रियों में उपयोग किया जा रहा था।
एसडीएम व नायब तहसीलदार ने बुधवार शाम इगलास रोड स्थित कलमीसोडा बनाने वाली दो फैक्ट्रियां सीज कराई थी। इससे फैक्ट्री संचालकों में खलबली मची है। संचालक कार्रवाई के भय से सामने नहीं आ रहे।
गुरुवार तहसीलदार कुमार चंद्र बाबू के नेतृत्व में सीज फैक्ट्री में केमिकल नमूने टीम ने एकत्र किये। बताते हैं कि कलमीसोडा बनाने में खतरनाक केमिकल का उपयोग हो रहा है। यह केमिकल जन जीवन के लिए घातक हैं।
डीएम ने दिए जांच के आदेश
उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र की रिपोर्ट पर डीएम ने थानाध्यक्ष को जांच के निर्देश दिए। गुरुवार शाम तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। एसओ के अनुसार उन्हें डीएम से विस्त्रत जांच का आदेश मिला है।
सीज फैक्ट्री में चिलर प्लांट चलाना अपराध है। इस पर जो भी जिम्मेदार हैं उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। फैक्ट्री में मिले केमिकल भी प्रयोगशाला जांच के जरिये पता लगवाया जा रहा है, जिस पर बाद में रिपोर्ट लिखवाई जाएगी। - राजपाल सिंह, एसडीएम