नगर के बहुचर्चित सोनी हॉरर किलिंग कांड में कोतवाली पुलिस ने नामजद मां अमीना और पिता यासीन को मंगलवार तड़के हाथरस रोड स्थित खारजा नहर के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कहीं जाने की फिराक में थे।
पूछताछ में आरोपियों ने बेटी की हत्या की बात से साफ इंकार किया है और इसे प्रेमी इमरान की साजिश बताया है। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
यह है मामला:
18 अगस्त की रात्रि को सोनी पुत्री यासीन कुरैशी के ममेरे भाई इमरान से शादी करने की जिद के चलते हत्या कर दी गई थी। उसका शव भी दफना दिया गया था। मूल रूप से सिकंदराराऊ निवासी परिवार मुंबई में रह रहा था। पहले तो यह बात छिपी रही। 20 अगस्त को प्रेमी इमरान ने एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। जिसमें सोनी कह रही है कि प्रेम संबंधों के विरोध में घरवाले उसे जान से मारना चाहते हैं। सोनी ने इस संबंध में मां अमीना, पिता यासीन, भाई और रिश्तेदार अफजाल पहलवान, स्वालीन कुरैशी, इकराम कुरैशी, इश्केनवी आदि पर आरोप लगाया था।
अफसरों की सख्ती पर रिपोर्ट
पहले तो स्थानीय पुलिस ने इस बात पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन वीडियो क्लिप वायरल होने पर एसपी ने तत्काल इस मामले में एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। मोहल्ले के चौकीदार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने उक्त लोगों के खिलाफ हत्या और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था।
पुलिस को मिली सूचना
मंगलवार को कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सोनी के मां-बाप हाथरस रोड स्थित नहर के किनारे खड़े हैं। वह कहीं जाने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर एसओ गंगा प्रसाद के नेतृत्व में सिपाही अवनेश कुमार, रघुराई, उमाशंकर, महिलाकर्मी सुषमा के साथ मौके पर पहुंचे और माता- पिता दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को चिकित्सीय परीक्षण करा जेल भेज दिया है।
हमने नहीं मारा सोनी को, ये इमरान की चाल थी...
सोनी के माता-पिता ने बताया कि उन्होंने तो आज तक मच्छर तक नहीं मारा है बेटी की हत्या कैसे कर सकते हैं। मुंबई से आने के बाद 18 की रात्रि में सोनी के पेट में तेज दर्द उठा था। परिजन उसे रात में ही इलाज के लिए लेकर जा रहे थे, लेकिन खुद सोनी ने कह दिया कि सुबह डॉक्टर को दिखा लेना।
इसके बाद हमारी बदकिस्मती से सोनी की मौत हो गई। इधर, इमरान ने मुंबई में ही रेलवे का रिजर्वेशन चार्ट देखकर हमारे आसपास की बोगी में अपनी यात्रा जारी रखी तथा सिखा पढ़ाकर सोनी का वीडियो बना लिया।
हम तो सोनी की इमरान से शादी की इच्छा को लेकर सिकंदराराऊ आकर परिजनों से बात विचार विमर्श करने आए थे। सोनी इतनी ज्यादा सीधी थी कि जो इमरान ने उससे जो कहलवाना चाहा वह उसने बोल दिया और यह हमारे लिए मुश्किल बन गया।