हाथरस। नाई के नगला में शराब के नशे में धुत होकर एक बेटे ने अपनी ही मां को बुरी तरह पीट दिया। महिला की 12 साल की मासूम बेटी से यह देखा ना गया। वह किसी तरह कोतवाली आ गई और उसने पुलिस को मां के साथ मारपीट की पूरी बात बताई। व्हाट्स एप पर इस मामले की जानकारी किसी ने एसपी अजय पाल शर्मा को दे दी। एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
लड़की का कहना था कि उसका भाई अक्सर उसकी मां के साथ मारपीट करता है। वह बेहद गरीब है और अपनी मां के साथ मजदूरी कर गुजारा करती है। भाई को नशे की लत है और इसी कारण वह मां को पीटता है। पुलिस ने देर शाम तक आरोपी को हवालात में बंद रखा। हालांकि शाम को पिटाई की शिकार मां ने आरोपी बेटे को छोड़ देने की गुहार पुलिस अधिकारियों से लगाई। मां की ममता और मजबूरी देखने के बाद पुलिस अधिकारी आरोपी को छोड़ने को लेकर शाम तक कोई निर्णय नहीं ले सके थे। इस संबंध में एसपी के पीआरओ डॉ. सुधीर ने बताया कि आरोपी की मां उसे छोड़ने के लिए कह रही है। इस संबंध में उचित कार्रवाई के बाद ही आरोपी को छोड़ा जाएगा।