हाथरस। एक सामाजिक कार्यकर्ता को अपने घर के पास अवैध रूप से शराब बेचने का विरोध भारी पड़ गया। आरोपी ने कार्यकर्ता के साथ न केवल छेड़छाड़ की, बल्कि उसे अंजाम भुगतने की धमकी भी दी। महिला कार्यकर्ता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कार्यकर्ता ने अपनी शिकायत में कहा था कि उसके मोहल्ले में अशोक और उसका पूरा परिवार अवैध रूप से शराब बेचने का काम करता है। इससे मोहल्ले में शराबियों का जमावड़ा रहता है। अराजक तत्वों के बने रहने के कारण मोहल्ले के लोगों को परेशानी होती है। करीब एक महीने पहले नौ मई को सामाजिक कार्यकर्ता के बार-बार कोतवाली पुलिस से इस संबंध में शिकायत किए जाने से चिढ़कर आरोपी ने उसे घर लौटते समय रोक लिया और अश्लील हरकत करना शुरू कर दिया। गाली-गलौज करते हुए कार्यकर्ता को जान से मारने की धमकी दे दी। इसके कई दिन बाद सामाजिक महिला कार्यकर्ता ने कोतवाली पुलिस से इस संबंध में शिकायत की। पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद हाल ही में आरोपी के विरुद्ध धारा 294 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। सदर कोतवाल मनोज शर्मा का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। अगर वह भविष्य में अवैध शराब का कारोबार करता पाया गया तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।